अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में सोमवार को बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान पिता ने अपनी दो बेटियों के साथ जहर पीकर सुसाइड कर ली। पहले बाहर खेल रही बच्चियों को अपने पास रजाई में बैठाया। फिर उन्हें जहरीली चीज बच्चों को खिलाई और खुद भी निगल ली।
फिर पास ही रहते पड़ोसी को आवाज लगाई कि चाचा मुझे एक बार गले लगा लो, मैं फिर नहीं मिलूंगा। वह सबकी बिगड़ती तबीयत देखकर उन्हें अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान शहूरा गांव निवासी लवप्रीत सिंह, उसकी बड़ी बेटी जसप्रीत कौर (8) और छोटी बेटी वीरपाल कौर (6) के रूप में हुई है। इससे पहले सोमवार सुबह लवप्रीत अपनी पत्नी कुलदीप कौर और बेटे को अटारी में काम पर छोड़कर घर लौटा था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लवप्रीत के पड़ोसी ने बताया कि उसने जहर निगलने के बाद मुझे बुलाया और कहा कि मुझे एक बार गले लगा लो मैं फिर नहीं मिलूंगा। पड़ोसी ने उसके रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। रिश्तेदार घर पहुंचे। लेकिन उन्हें बचा नहीं पाए।
मृतक की बुआ सरबजीत कौर के मुताबिक उसके भाई ओर भाभी की बहुत पहले ही मौत हो चुकी है। लवप्रीत सिंह लंबे समय से बेरोजगार था और काम न मिलने के कारण मानसिक तनाव में था। इसके बाद घर आकर बाहर घूम रहे बच्चों को अपने पास बुलाया और कहा कि आकर रजाई में बैठो।
पुलिस सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

