
फगवाड़ा के होशियारपुर रोड स्थित सुधीर स्वीट्स पर आज सुबह पौने सात बजे तीन अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बाइक पर सवार इन तीन हमलावरों की तरफ से 7-8 राउंड फायर किए गए। दुकान खुलने के 15 मिनट बाद यह घटना हुई। जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना में किसी के हाताहत होने की सूचना नहीं है। फगवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को फोरेंसिक जांच के लिए फिल्लौर लैब भेजा गया है। खबर लिखे जाने तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई थी।

बताया जा रहा है कि सुधीर स्वीट्स के मालिकों की तरफ से सुबह 6.30 बजे दुकान खोली गई थी। ठीक 15 मिनट बाद तीन हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और आते ही दुकान पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान सभी स्टाफ और मालिक घबरा कर छिप गए। हमलावरों ने 7-8 गोलियां दागी। दुकान का शीशा बुरी तरह से टूट गया। हालांकि किसी की जान माल को कोई खरोंच नहीं आई।
जांच की जा रही है, जल्द होगी गिरफ्तारी – पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है। अभी तक कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुकान मालिकों को कोई फिरौती या अन्य धमकी की कॉल नहीं आई। पुलिस को कुछ खोल मौके से मिले हैं। जिन्हें जांच को भेजा गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे धालीवाल और सोम प्रकाश

घटना के बाद इलाका विधायक बलविंदर सिंह धालीवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश कैंथ भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिगड़ रही पंजाब की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सीएम भगवंत सिंह मान के इलाके में होने के बावजूद हमलावर गोलियां चलाकर चले जाते हैं। यह सरकार को खुला चैलेंज है।

