चार्टर्ड विमान बारामती के पास लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त
महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री और NCP नेता अजीत पवार का चार्टर्ड विमान बारामती के पास लैंडिंग की कोशिश के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में अजीत पवार समेत 6 लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे रनवे से पहले हुआ, जब विमान मुंबई से बारामती आ रहा था। पवार को जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में चार सभाओं में शामिल होना था। मृतकों में उनके पर्सनल असिस्टेंट, सुरक्षाकर्मी और विमान का स्टाफ शामिल बताया गया है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश
विमान क्रैश के कारण इलाके में आग लग गई और मलबा दूर-दूर तक फैल गया। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और तकनीकी खराबी या मौसम की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि इस संबंध में अधिकृत पुष्टि का इंतजार बताया गया है।
बारामती विस सीट से लगातार जीते
अजीत अनंतराव पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ था। वे वरिष्ठ नेता शरद पवार के भतीजे थे और सहकारिता आंदोलन से राजनीति में आए। 1991 में बारामती से सांसद बनने के बाद उन्होंने बारामती विधानसभा सीट से लगातार कई चुनाव जीते।
महाराष्ट्र की राजनीति में तीन दशक
अपने लंबे राजनीतिक करियर में वे राज्य के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल रहे। वित्त, योजना, जल संसाधन और ऊर्जा जैसे अहम विभागों को संभालते हुए उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति में गहरी छाप छोड़ी। उनका राजनीतिक सफ़र लगभग तीन दशकों से अधिक चला।


