जालंधर के वेस्ट हलके में भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू के भांजे के 21 साल के बेटे ने खुद को गोली मार ली। कारोबार में घाटे और पैसों के लेन –देन के कारण तनाव में चल रहा था। बस्ती शेख, उजाला नगर में रहने वाले इस युवक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है, उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली चलने की यह घटना आत्महत्या की कोशिश है या इसके पीछे कोई और वजह है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा पार्षद मनजीत सिंह टीटू मौके पर पहुंच गए थे।
मौके पर पहुंचे टीटू ने बताया कि उनका रिश्तेदार (भांजे का बेटा) पिछले कुछ समय से व्यापार में हुए नुकसान के कारण काफी परेशान चल रहा था। आज सुबह परिजनों को इस घटना का पता चला, जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया।
बैंगलोर से घर लाने के बाद उठाया कदम
सूत्रों के हवाले से खबर है कि युवक पैसों के लेन-देन के किसी मामले को लेकर बैंगलोर चला गया था। परिजन उसे काफी समझा-बुझाकर कल ही वापस घर लेकर आए थे। लेकिन मानसिक तनाव इतना गहरा था कि घर लौटने के अगले ही दिन उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने लाइसेंसी हथियार लिया कब्जे में
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और लाइसेंसी पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है ताकि घटना के पीछे के असल कारणों की पुष्टि की जा सके।

