अब औपचारिक रूप से कांग्रेस से बाहर किया सिद्धू को : भूपेश बघेल
कुछ दिन पहले डॉ. नवजोत ने किया था पार्टी छोड़ने का ऐलान
पंजाब कांग्रेस ने डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसकी जानकारी पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने दी। उन्होंने बताया कि नवजोत कौर सिद्धू पहले ही पार्टी से निलंबित चल रही थीं और अब उन्हें औपचारिक रूप से कांग्रेस से बाहर कर दिया गया है। भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और संगठन विरोधी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस फैसले को पंजाब कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।
निष्कासन की अटकलें तेज थीं
यह जानकारी भूपेश बघेल ने अमृतसर में डॉक्टर राजकुमार वेरका के निवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान दी। इस मौके पर उन्होंने पंजाब और केंद्र सरकार से जुड़े कई मुद्दों पर भी निशाना साधा। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सार्वजनिक रूप से पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही उनके निष्कासन की अटकलें तेज थीं। अब कांग्रेस के इस फैसले ने पंजाब की सियासत में हलचल और तेज कर दी है


