दोनों इस कदर नशे में धुत हैं कि दोनों से चला भी नहीं जा रहा है
विधायक सुखपाल खैहरा ने सोशल मीडिया पर शेयर की वीडियो
लड़की बगल में खड़ी है, दोनों हाथों से अपना चेहरा छुपाए हुए है
‘नशों के खिलाफ जंग’ अभियान खंभों और पिलरों तक ही सीमित
लुधियाना
लुधियाना से एक वीडियो सामने आई है, जहां नशे में धुत एक लड़का और लड़की झूलते हुए दिख रहे हैं। दोनों इस कदर नशे में धुत हैं कि दोनों से चला भी नहीं जा रहा है और वह एक ही जगह पर खड़े हुए हैं और सिर झुका हुआ है। जानकारी के मुताबिक यह वीडियो 12 अप्रैल रविवार की बताई जा रही है। नशे में धुत लड़का-लड़की की वीडियो कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है।
बेसुध होकर बीच सड़क पर खड़े थे लड़का-लड़की
लड़का पूरी तरह कमर से मुड़ा हुआ, सिर नीचे की तरफ झुका है। उसके हाथ नीचे हैं। लड़की उसके बगल में खड़ी है। दोनों हाथों से अपना चेहरा छुपाए हुए है वह धीरे-धीरे हाथ नीचे करती है और लड़के की तरफ देखती है। दोनों नशे के कारण डगमगा रहे हैं। लड़की चेहरा छुपाने के बाद हाथ नीचे कर लेती है, अपने गले और सीने पर हाथ रखती है, कुछ बोलती है और इधर-उधर देखती है।
ज़मीनी हकीकत दावों के बिल्कुल विपरीत : खैहरा
नशे में धुत लड़का-लड़की की वीडियो कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब सरकार पर निशाना भी साधा है। उन्होंने लिखा कि आम आदमी पार्टी, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल का तथाकथित ‘नशों के खिलाफ जंग’ अभियान केवल पंजाब के खंभों और पिलरों तक ही सीमित है, जबकि ज़मीनी हकीकत उनके दावों के बिल्कुल विपरीत है।

