3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा 2026

Others
Spread the love

पंजीकरण प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो चुकी है

रजिस्ट्रेशन के पहले ही दिन लंबी कतारें देखने को मिलीं

मुख्यत: पहला पहलगाम मार्ग और दूसरा बालटाल मार्ग है

पंजीकरण शुल्क 150 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया

नई दिल्ली

अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर शिव भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए आयोजित होने वाली यह यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू होगी। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो चुकी है। रजिस्ट्रेशन के पहले ही दिन देशभर के अलग अलग बैंकों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे साफ है कि इस बार भी बड़ी संख्या में भक्त यात्रा में शामिल होंगे।

दो मुख्य मार्ग से होती यात्रा

यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के पास दो मुख्य मार्ग उपलब्ध रहेंगे। पहला पहलगाम मार्ग है, जिसकी दूरी लगभग 46 किलोमीटर है। यह रास्ता लंबा जरूर है, लेकिन चढ़ाई अपेक्षाकृत आसान होने के कारण अधिकतर श्रद्धालु इसे ही चुनते हैं। दूसरा बालटाल मार्ग है, जिसकी दूरी करीब 14 किलोमीटर है। यह छोटा लेकिन अधिक कठिन और चुनौतीपूर्ण मार्ग माना जाता है, जिसे कम समय में यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालु पसंद करते हैं।

ऑनलाइन आवेदन ऐप से

पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए किया जा सकता है, जबकि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन देशभर की अधिकृत बैंक शाखाओं में ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर होगा। यात्रा पंजीकरण शुल्क 150 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।

स्वास्थ्य संबंधी नियम सख्त

यात्रा की कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य संबंधी नियम भी सख्त किए गए हैं। केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के श्रद्धालु ही यात्रा के लिए पात्र होंगे, जबकि 6 सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी यात्रियों के लिए 8 अप्रैल 2026 के बाद जारी अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र (CHC) प्रस्तुत करना जरूरी होगा।

RFID कार्ड लेना अनिवार्य

इसके अलावा, रजिस्ट्रेशन के बाद श्रद्धालुओं को जम्मू या कश्मीर के निर्धारित केंद्रों से RFID कार्ड लेना अनिवार्य होगा। सुरक्षा और ट्रैकिंग के लिए यह कार्ड जरूरी है और इसके बिना किसी भी श्रद्धालु को चंदनवाड़ी या डोमेल से आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

तैयारियां तेज कर दी हैं

श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा से पहले सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जरूरी दस्तावेज साथ रखें और स्वास्थ्य जांच कराकर ही यात्रा पर निकलें, ताकि बाबा बर्फानी के दर्शन का यह पवित्र सफर सुरक्षित और सफल बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *