आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं
घटना के दौरान गोदाम में बाइक समेत अन्य सामान जलकर राख
पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया
एहतियात के तौर पर लोगों को घटना स्थल से दूर रखा जा रहा है
जालंधर
जालंधर के सिंघा रोड स्थित एक कबाड़ के गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जबकि आसमान में घने धुएं का गुबार छा गया। घटना के दौरान गोदाम में खड़ी बाइक समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल विभाग की 5 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं। हालांकि आग की तीव्रता के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अचानक लगी आग, आसपास के घर प्रभावित
लोगों के मुताबिक सुबह अचानक गोदाम में आग लगी, जिसे बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि आग में उसका घर भी चपेट में आ गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।
दमकल विभाग के देर से पहुंचने का आरोप
स्थानीय निवासी जावेद अख्तर ने आरोप लगाया कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर लोगों को घटना स्थल से दूर रखा जा रहा है और आग बुझाने का काम जारी है।

