पंजाब में AAP का बड़ा फैसला

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

AAP के प्रदेश प्रभारी ने 29 अप्रैल को जालंधर में सभी विधायकों को तलब किया है

इस बैठक में ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी बुलाया गया है

विधायकों की नब्ज टटोलने व उनकी वफादारी सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा

उधर, विपक्ष ने भी इस सियासी हलचल के लिए AAP को घेरना शुरू कर दिया है

चंडीगढ़/जालंधर।

पंजाब की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) राज्य में संभावित टूट को रोकने में जुट गई है। पार्टी हाईकमान ने स्थिति को संभालने के लिए तुरंत कदम उठाते हुए सभी विधायकों की अहम बैठक बुला ली है। ये बैठक जालंधर में प्रस्तावित है। AAP के प्रदेश प्रभारी मनीष सिसोदिया ने 29 अप्रैल को जालंधर में सभी विधायकों को तलब किया है। इस बैठक में ब्लॉक ऑब्जर्वर्स और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को भी बुलाया गया है। खास बात यह है कि बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल रहेंगे। हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व विधायकों की नब्ज टटोलने और उनकी वफादारी सुनिश्चित करने की कोशिश करेगा।

AAP सरकार के लिए खड़ा हो सकता गंभीर संकट

इस बीच, राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने के बाद राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। चड्ढा के करीबी सूत्रों का दावा है कि पंजाब के 94 AAP विधायकों में से 60 से अधिक विधायक उनके संपर्क में हैं। यदि यह दावा सही साबित होता है, तो राज्य में AAP सरकार के लिए गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। हालांकि, इस मुद्दे पर चड्ढा ने सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है।

डॉ. संदीप पाठक का पार्टी से जाना बड़ा झटका

वहीं, AAP के रणनीतिकार माने जाने वाले डॉ. संदीप पाठक के भाजपा में शामिल होने से भी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सूत्रों के अनुसार, संदीप पाठक के पास पंजाब के हर AAP विधायक का विस्तृत बायोडेटा मौजूद है, जिसमें उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत कामकाज की जानकारी शामिल है। ऐसे में उनके पार्टी छोड़ने से AAP की रणनीति पर असर पड़ सकता है।

60 से 65 विधायक “पलटी” मारने की तैयारी में

उधर, विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर AAP को घेरना शुरू कर दिया है। पंजाब (Punjab) विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया है कि AAP के 60 से 65 विधायक “पलटी” मारने की तैयारी में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, एकनाथ शिंदे की तरह स्थिति में आ सकते हैं, जहां पार्टी के भीतर बड़ा विभाजन हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *