मोहाली के सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी
गुरुद्वारा के पास से श्री गुटका साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले
पूरे इलाके में फैल गई खबर और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा
मौके पर मौजूद लोगों का आरोप-किसी साजिश का हिस्सा
मोहाली।
पंजाब में श्री गुटका साहिब की बेअदबी होने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि मोहाली में गुटका साहिब की बेअदबी हुई है जिससे लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। जानकारी मुताबिक मोहाली के सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी की गई। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास सड़क पर श्री गुटका साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करनी शुरू कर दी है।
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, दोषियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन
घटना का पता तब चला जब गुरुद्वारे में तैनात सेवादार ने श्री गुटका साहिब के अंगों को जमीन पर गिरा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। बेअदबी से नाराज लोगों ने इकट्ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करने लगे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि यह किसी साजिश का हिस्सा है।


