पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर पंजाब पर भी देखने को मिल रहा
10 मई तक फिलहाल न तो बारिश और न ही हीटवेव का कोई अलर्ट जारी किया है
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान फरीदकोट में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया
11 मई से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव आ सकता है
चंडीगढ़
पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में लगातार बदलाव जारी है। वही अब 10 मई तक मौसम शुष्क रहने वाला है। मौसम विभाग ने फिलहाल न तो बारिश और न ही हीट वेव का कोई अलर्ट जारी किया है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर पंजाब पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे गर्मी में हल्की राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार वीरवार के मुकाबले तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 6.1 डिग्री कम है। राज्य में सबसे ज्यादा तापमान फरीदकोट में 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
10 मई से एक्टिव होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस
मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से बन रहे हवाओं के सिस्टम के कारण उत्तर भारत के मौसम में बदलाव बना हुआ है। वहीं 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी क्षेत्रों में प्रवेश करेगा। इसके असर से बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसका प्रभाव पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी देखने को मिलेगा।
पंजाब के जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे
फरीदकोट में 39.2 डिग्री, बठिंडा एयरपोर्ट में 39.1 डिग्री, फाजिल्का-अबोहर में 36.6 डिग्री, बठिंडा में 36.5 डिग्री, पठानकोट में 36 डिग्री और फिरोजपुर में 35.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अमृतसर में 34.4 डिग्री, भाखड़ा डैम में 33.6 डिग्री, श्री आनंदपुर साहिब में 32.4 डिग्री, लुधियाना में 31.8 डिग्री और पटियाला में 31.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
11 से बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार पंजाब में अगले तीन दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। 11 मई से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के बाद मौसम फिर बदल सकता है। 13 मई तक राज्य के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
11 मई को इन जिलों में असर रहेगा ज्यादा
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, मोहाली, पटियाला और संगरूर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।


