पंजाब के मॉल में गोलियां बरसाकर युवक की हत्या

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

रोपड़ के नूरपुर बेदी में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात

बताया जा रहा हमलावर ने युवक के सीने में तीन गोलियां दागीं

पंजाब पुलिस की टीम और नूरपुरबेदी पुलिस मौके पर पहुंची

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल, पास में सुरक्षा बढ़ी

रोपड़।

पंजाब के जिला रोपड़ के नूरपुर बेदी में रविवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक शॉपिंग मॉल के अंदर युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरमोल सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावर ने युवक के सीने में तीन गोलियां दागीं। गोली लगने के बाद हरमोल सिंह जान बचाने के लिए मॉल से बाहर की ओर भागा, लेकिन दरवाजे तक पहुंचते ही जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम और नूरपुरबेदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मॉल और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

धमकियों से परेशान होकर उठाया यह कदम

इस हत्याकांड की जिम्मेदारी हरजोत सिंह सिद्धू नामक युवक ने ली है। रविवार शाम उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि यह कदम अपने भाई की हत्या का बदला लेने और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर उठाया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण किया है या नहीं, लेकिन इलाके में चर्चा है कि उसने सरेंडर कर दिया है।

अब सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अब मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय मौजूद लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच होगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। इस घटना ने एक बार फिर पंजाब में बढ़ती आपसी रंजिश और हथियारों के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े मॉल के अंदर हुई फायरिंग से लोग सहमे हुए हैं। सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *