मके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और लांबड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया
महिला का आरोप-पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद लिखित बयान तक नहीं लिया
यह घटना लांबड़ा थाना क्षेत्र के नाला पुल इलाके की, फिलहाल मामले की जांच कर रही पुलिस
वहीं, इलाके में काफी हंगामा भी हुआ, पीड़ित परिवार ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई
जालंधर
जालंधर में एक मां की सूझबूझ और बहादुरी के चलते एक 3 साल की मासूम बच्ची किडनैप होने से बच गई। नशे में धुत एक मजदूर ने बच्ची के मुंह पर कपड़ा डालकर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन मां ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उसे थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और लांबड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना लांबड़ा थाना क्षेत्र के नाला पुल इलाके की है। वहीं, महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद लिखित बयान तक नहीं लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बच्ची के मुंह पर डाल दिया कपड़ा
पीड़ित महिला निहाल अपने मायके आई हुई थी और अपनी बेटी को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने की तैयारी में थी। वह ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। जैसे ही महिला ऑटो में बैठने के लिए मुड़ी, आरोपी ने पीछे से आकर बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल दिया ताकि शोर न मचा सके।
हाथ-पैर बांधे और पुलिस के हवाले
मां ने तुरंत सतर्कता दिखाते आरोपी को थप्पड़ मारा, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी ने पकड़े जाने पर खुद को बचाने के लिए कहा कि वह बच्ची को टॉफी देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी के भागने की कोशिश नाकाम करते हुए उसके हाथ-पैर बांध दिए और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई
इस दौरान इलाके में काफी हंगामा भी हुआ। पीड़ित परिवार ने पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि 100 और 112 नंबर पर कॉल करने के बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब सवा घंटा लग गया। परिवार का यह भी कहना है कि आरोपी सरेआम धमकी दे रहा था कि वह जेल से जल्दी बाहर आ जाएगा।


