स्कूल मैनेजमैंट की भूमिका की भी हो रही जांच, दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
अमृतसर. पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत बैंस ने बीते दिन हुई छात्रा के आत्महत्या के मामले में सख्त एक्शन लिया है। इस मामले में सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही स्कूल मैनेजमैंट की भूमिका पर भी जांच की जा रही है। शिक्षामंत्री ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रा को न्याय दिलाने के लिए किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पुलिस को भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
छात्रा ने निगल लिया था जहरीला पदार्थ
अमृतसर में अमजोत कौर (17 साल) जो 12वीं कक्षा में पढ़ती थी ने 22 मई को जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक ईलाज चला। जहां ईलाज के दौरान 30 मई को उसकी मौत हो गई। ईलाज के दौरान उसने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने स्कूल प्रबंधन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
बकाया थी 20 हजार फीस
दरअसल छात्रा की स्कूल की करीब 20 हजार रुपए फीस बकाया थी। इसी फीस को लेकर स्कूल मैनेजमैंट की तरफ से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। छात्रा की मौसी ने स्कूल से फीस किस्तों में जमा करवाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद बच्ची पर दबाव जारी रहा। जिस कारण छात्रा ने ज़हर निगल लिया और ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


