महिंद्रा पिकअप और ट्राले की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई
गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया है
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए्र
राहत एवं बचाव कार्य, SSP भूपिंदर सिंह ने मौके का जायजा लिया
पंजाब डेस्क
पंजाब के फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गांव हुसैनशाह के पास उस समय हुआ, जब महिंद्रा पिकअप और ट्राले की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है, जबकि अन्य का स्थानीय अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
अस्थियां विसर्जित करने डेरा ब्यास जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे का एक परिवार अपने मृतक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। पिकअप में परिवार और रिश्तेदारों समेत करीब 25 से 30 लोग सवार थे। गांव हुसैनशाह के निकट पहुंचते ही वाहन की सामने से आ रहे ट्राले के साथ टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयावह था, बच्ची समेत 8 लोगों की मौत
हादसा इतना भयावह था कि पिकअप के ऊपर बने टूल बॉक्स में बैठे पांच लोग उछलकर ट्राले का शीशा तोड़ते हुए उसके अंदर जा गिरे। दुर्घटना में एक 13 साल की बच्ची समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


