Punjab में 40 से 50 किमी की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

अधिकतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

पंजाब के सभी जिलों में मध्यम बारिश की संभावना है

वही हादसों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय और पूर्वी हवाओं का भी प्रभाव

पंजाब डेस्क

पंजाब में पिछले दो दिनों से जारी बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकतम तापमान में 5.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 13 जून को पंजाब के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

हादसों में अबतक 3 लोगों की मौ/त

वही हादसों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। अमृतसर में बारिश के दौरान दीवार गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। वहीं फाजिल्का के गांव झंगड़ भैणी में तेज हवा से सीमेंट का शेड उड़कर महिला सुनीता रानी पर आ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। संगरूर में भी एक व्यक्ति की जान जाने की सूचना है। मौसम ठंडा होने से राज्य में बिजली की मांग भी घटी है। शेड्यूल के मुकाबले 625 मेगावाट कम बिजली की खपत होने के कारण पंजाब फिलहाल अंडर-ड्रॉल की स्थिति में है।

जून के अंत तक पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो गया है और पूर्वी हवाओं का भी प्रभाव बना हुआ है। अगले दो दिनों तक बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है, हालांकि हवाओं की रफ्तार में कमी आ सकती है। उन्होंने बताया कि बठिंडा, अमृतसर, तरनतारन, जालंधर और होशियारपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं। मौजूदा मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए मानसून के जून के अंत तक पंजाब पहुंचने की संभावना है।

अगले तीन दिन का मौसम अलर्ट

14 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में जबकि 15 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला में आंधी-बारिश की संभावना। 16 जून को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *