निरीक्षण के दौरान दिए समय पर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश, यात्री सुविधाओं व संरक्षा पर दिया विशेष जोर
अमृतसर/जालंधर: उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को अमृतसर–जालंधर कैंट–लुधियाना रेलखंड का व्यापक निरीक्षण कर रेलवे की संरक्षा, परिचालन व्यवस्था और स्टेशनों पर चल रहे रिडेवलपमेंट कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अमृतसर, जालंधर कैंट और लुधियाना रेलवे स्टेशनों पर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण यान से फुटप्लेट निरीक्षण के दौरान रेलखंड के ब्लॉक सेक्शन में रेल पथ, ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) प्रणाली, रेलवे यार्ड तथा सिग्नलिंग व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संरक्षा मानकों, परिचालन दक्षता तथा रखरखाव कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अमृतसर स्टेशन पर डिजिटल भुगतान और यात्री सुविधाओं पर जोर
अमृतसर रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने स्टेशन रिडेवलपमेंट परियोजना की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और निर्माण कार्यों का आकलन करते हुए यात्रियों की सुविधा एवं पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
जालंधर कैंट स्टेशन पर विश्वस्तरीय सुविधाओं का लिया जायजा
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने रिडेवलपमेंट कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर बन रही नई इमारतों, विशाल कॉनकोर्स, कैफेटेरिया, पार्किंग, आधुनिक प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट-ओवर-ब्रिज जैसी विश्वस्तरीय सुविधाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा वेटिंग हॉल, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण कार्यालय, सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य यात्री सुविधाओं की भी समीक्षा की।

लुधियाना स्टेशन पर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा
लुधियाना रेलवे स्टेशन पर भी महाप्रबंधक ने रिडेवलपमेंट कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा गुणवत्ता और संरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार सहित उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


