गुरदासपुर में फायरिंग के दौरान 26 वर्षीय युवक की मौत, सिर में गोली लगने से गई जान

आज की ताजा खबर क्राइम पंजाब
Spread the love

दो पक्षों के पुराने विवाद के बीच चली गोलियां, झगड़ा देखने घर से निकला था युवक; पुलिस ने दर्ज किया मामला

गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय मसीह के रूप में हुई है। गोली उसके सिर में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल गुरदासपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

झगड़ा देखने के लिए घर से निकला था युवक

मृतक के मामा बब्बा मसीह और मां मेवल ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में जाट और ईसाई समुदाय के कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने समझौते के जरिए शांत करा दिया था। परिजनों का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते वीरवार रात कुछ युवकों ने बाहरी लोगों के साथ मिलकर गांव में हमला किया और फायरिंग शुरू कर दी।

परिजनों के अनुसार, विजय मसीह का विवाद से कोई लेना-देना नहीं था। वह केवल शोर-शराबा सुनकर झगड़ा देखने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान उसे गोली लग गई।

पुलिस बोली- पुरानी रंजिश का मामला, जांच जारी

डीएसपी शाहबाज सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है।

उन्होंने बताया कि मृतक विजय मसीह का विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था। वह केवल घटनास्थल पर झगड़ा देखने पहुंचा था, जहां फायरिंग के दौरान गोली उसके सिर में लगी और उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *