जालंधर: इनोसेंट हार्ट्स ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा शिक्षक दिवस बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह विशेष आयोजन शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और समाज निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन के साथ हुआ, जिसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण 94.3 माय एफएम की प्रसिद्ध आर.जे. रीत के साथ आयोजित इंटरैक्टिव सेशन रहा। अपने जीवंत अंदाज, मनोरंजक संवाद और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आर.जे. रीत ने शिक्षकों को खूब गुदगुदाया और कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। शिक्षकों ने भी विभिन्न खेलों और गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, ‘अर्सा लाइव बैंड’ की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मधुर गीतों और ऊर्जावान प्रस्तुतियों पर शिक्षक झूमते नजर आए।

समारोह के अंतिम चरण में जुबिन के नेतृत्व में डीजे सेशन आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों ने संगीत की धुनों पर जमकर आनंद लिया। इस अवसर पर डायरेक्टर एकेडमिक्स एवं एचआर शैली बौरी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण और निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का प्रसार नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, मूल्यों और भविष्य का निर्माण भी करते हैं तथा उनका योगदान समाज के विकास की आधारशिला है। कार्यक्रम में मैनेजमेंट के सभी वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान शिक्षकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। आयोजन शिक्षकों के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने का यादगार अवसर बन गया।


