जालंधर में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, दो गिरफ्तार

आज की ताजा खबर क्राइम
Spread the love

यूके से आए युवक पर 11,  जनवरी को की थी फायरिंग

जालंधर, देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूके से भारत आए युवक सुखचैन सिंह पर फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को दबोच लिया है। मंगलवार हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो आरोपियों में से एक की टांग पर गोली मारकर उसे घायल कर दिया। जबकि दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया है।

उनके पास से .32 बोर का पिस्टल, लाइव कारतूस, खाली खोल और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना है।

बता दें यह फायरिंग 11 तारीख को की गई थी, जिसके बाद मुकदमा नंबर 14 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि कुछ लोग सुखचैन सिंह को लगातार टारगेट कर रहे हैं।

मामले की जांच डीएसपी शाहकोट की निगरानी में डीएसपी सुखपाल सिंह, एसएचओ इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह, चौकी इंचार्ज तलवंडी संघेड़ा और एएसआई मेजर सिंह की टीमों द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग करने वाले आरोपी दोबारा वारदात को अंजाम देने की नीयत से परजियां इलाके में घूम रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की थी

सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोका गया तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें करण नामक आरोपी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

बेअंत ने चानना के जरिए हायर किए थे शूटर

इस साजिश के तार विदेश से जुड़े हैं क्योंकि सुखचैन सिंह का यूके में रहने वाले बेअंत नामक युवक से पैसों का लेन-देन था। यह खुलासा जांच में हुआ है। पता चला है कि बेअंत ने फिलीपींस में रहने वाले अपने साथी चानना के जरिए शूटरों को हायर किया। वहीं, अंग्रेज नामक शूटर को वारदात के लिए पैसे भेजे गए थे।

दोबारा फायरिंग करने जा रहे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी सोल जंगीरा गांव की तरफ दोबारा फायरिंग करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस अब विदेश में बैठे साजिशकर्ताओं के खिलाफ डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए प्रत्यर्पण (एक्सट्रडिशन) की प्रक्रिया शुरू करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *