पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय में ‘युवा संगम फेज 4’ कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड से पंजाब भ्रमण करने आई टीम का भव्य स्वागत

Others
Spread the love

टूर के पहले दिन झारखंड के छात्रों ने ऐतिहासिक किला मुबारक और बठिंडा शहर का दौरा किया

बठिंडा, 9 मार्च:

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत ‘युवा संगम- स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत  झारखंड से पंजाब भ्रमण करने आए 51 छात्र और आई.आई.एम. रांची से आए संकाय सदस्यों का पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय पहुँचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। झारखंड के युवाओं का यह समूह युवा संगम-एक्सपोजर यात्रा में 9 मार्च से 14 मार्च 2024 तक पंजाब का भ्रमण करेगा।

झारखंड के युवाओं का यह समूह 36 घंटे की लंबी यात्रा के बाद शनिवार सुबह बठिंडा के ग्राम घुद्दा में अवस्थित पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचा। स्वागत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी एवं विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा ढोल नगाड़े से गर्मजोशी के साथ अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया।

पंजाब की पवित्र धरती पर झारखंड के युवाओं का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो. राघवेंद्र पी. तिवारी ने उन्हें सिख धर्म के इतिहास और गुरुओं के बलिदान से परिचित कराया जिन्होंने मानवता को उच्च स्तर पर ले जाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि युवा संगम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की अभिनव पहल है। यह दौरा झारखंड के युवाओं को पंजाब राज्य की समृद्ध विरासत, रीति-रिवाजों और परंपराओं को जानने का अवसर प्रदान करते हुए पंजाब से उनका आत्मीय संबंध विकसित करेगा। कुलपति प्रो. तिवारी ने कहा कि ऐसी यात्राओं से विभिन्न राज्यों के लोगों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं में भारत की विविधता के बारे में गहरी समझ पैदा होगी और आपसी संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर आई.आई.एम. रांची से डॉ. प्रशांत मौर्य ने बताया कि झारखंड के युवाओं के इस ग्रुप में सभी युवा पहली बार पंजाब घूमने आये हैं और काफी उत्साहित हैं। यह दौरा झारखंड के युवाओं को पंजाब के सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों से परिचित होने का अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत में युवा संगम के नोडल अधिकारी प्रो. संजीव ठाकुर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कार्यक्रम की जानकारी प्रदान करते हुए युवा संगम एक्सपोजर यात्रा की समय सारिणी को प्रतिभागियों से साझा किया। युवा संगम की यह योजना भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संस्कृति, पर्यटन, रेलवे, सूचना और प्रसारण, युवा मामले और खेल, गृह मंत्रालय जैसे विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से आयोजित की जा रही है। झारखंड के युवाओं का यह दौरा मुख्य रूप से पांच क्षेत्रों पर्यटन, परंपरा, विकास, कनेक्टिविटी और प्रौद्योगिकी पर केंद्रित होगा।

अपने छह दिवसीय दौरे के पहले दिन, झारखंड के छात्रों ने ऐतिहासिक किला मुबारक और बठिंडा के विभिन्न बाजारों का दौरा किया। अगले पांच दिनों में ये युवा पटियाला, चंडीगढ़ और अमृतसर समेत पंजाब के अलग-अलग शहरों की यात्रा करेंगे। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *