अब श्री बाबा हरिवल्लभ चौक के नाम से जाना जाएगा वीणा, शहनाई और तबले की भव्य प्रतिमा से सजा दोआबा चौक

पंजाब
Spread the love


कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने 150वें हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन को समर्पित चौक का किया लोकार्पण

अयोध्या में बने लता मंगेश्कर चौक की तर्ज पर बना चौक

जालंधर। वर्षों से दोआबा चौक के नाम से जाने वाले चौक को आज अलविदा कह दिया गया है। अब इस चौक का व्यापक नवीनीकरण कर इसे एक नई और आकर्षक पहचान दी गई है। वीणा, शहनाई और तबले की भव्य प्रतिमाएं से सजाकर तैयार किए गए इस चौक को अब श्री बाबा हरिवल्लभ चौक के नाम से जाना जाएगा।

जिसका लोकार्पण आज कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने किया। उन्होंने इस चौक को 150वें हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन को समर्पित किया है। इससे पहले संगीत को समर्पित चौक अयोध्या में संगीत कोकिला लता मंगेश्कर के नाम पर बनाया गया जा चुका है। उसी की तर्ज पर इसे भी तैयार किया गया है।

इस अवसर पर पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली, मेयर वनीत धीर, जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह, पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी, वरिष्ठ नेता नितिन कोहली और दिनेश ढल्ल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि संगीत वाद्य यंत्रों की ये प्रतिमाएं न केवल चौक के सौंदर्य और आकर्षण को बढ़ाएंगी, बल्कि देश की समृद्ध संगीत विरासत और सांस्कृतिक परंपरा को भी उजागर करेंगी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत शहर के चौकों और चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत पहले भी आधुनिक डिजाइनों के साथ कई चौकों को नई पहचान दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि यह चौक अब नए स्वरूप में शहरवासियों और आगंतुकों को दिखाई देगा तथा भारतीय शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली परंपरा का एहसास कराएगा। उन्होंने चौकों की देखरेख और रख-रखाव में स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग कर रही निजी संस्थाओं के प्रयासों की भी सराहना की।

इस मौके पर ज्वाइंट कमिश्नर मंदीप कौर, सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, पार्षद अश्वनी अग्रवाल, तरनदीप सन्नी, संजीव भगत, दीपक शारदा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *