पंजाब–चंडीगढ़ में छाया घना कोहरा, कई जिलों में विजिबिलिटी जीरो, न्यू ईयर पर बारिश की संभावना

आज की ताजा खबर
Spread the love

1 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना

बीते करीब एक महीने से पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल के निचले इलाकों में धुंध

सात दिनों से रोजाना कई फ्लाइट्स रद्द हो रही, जबकि ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी

वहीं अगले 96 घंटे तक हिमाचल के इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

पंजाब डेस्क

पंजाब के कई जिलों और चंडीगढ़ में मंगलवार को भी घना कोहरा छाया रहा। अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में कम विजिबिलिटी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अमृतसर के जीटी रोड पर सुबह आठ बजे तक कोहरा छाया रहा, जिससे वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। चंडीगढ़ में भी हालात कुछ ऐसे ही बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है। बीते करीब एक महीने से पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल के निचले इलाकों में लगातार धुंध छाई है। इसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ रहा है।

कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित

कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। चंडीगढ़ स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दिल्ली, पुणे, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और अबू धाबी से आने-जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित रहीं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पिछले सात दिनों से रोजाना कई फ्लाइट्स रद्द हो रही हैं, जबकि ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी चल रही है। वहीं अमृतसर एयरपोर्ट पर भी दो फ्लाइट देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को दिक्कत हुई।

चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल में ठंड

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, नए साल की शुरुआत के साथ ही चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। आज से अगले 96 घंटे तक हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे पहाड़ों से चलने वाली कोल्ड वेव का असर पूरे उत्तर भारत में महसूस किया जाएगा। हिमाचल में रात के तापमान में 4 से 7 डिग्री, जबकि पंजाब और चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

कोल्ड वेव और घने कोहरे से परेशानी

आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार पंजाब और चंडीगढ़ में दिसंबर पिछले साल के मुकाबले ज्यादा ठंडा रहा। कोल्ड वेव और घने कोहरे के चलते कई शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग का कहना है कि 3 जनवरी के बाद मौसम साफ होने पर तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन नए साल की शुरुआत ठिठुरन के साथ होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *