सरकार के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है
स्कूल प्रबंधन को भी इससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी
सरकारी, प्राइवेट, एडिड व मान्यता प्राप्त स्कूलों में 13 जनवरी तक अवकाश
राज्य भर में 14 जनवरी को स्कूल आम नियमित रूप से खोल दिए जाएंगे
पंजाब डेस्क
पंजाब में कड़ाके की ठंड और लगातार पड़ रही धुंध के चलते राज्य सरकार ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया है। इस संबंध में शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आधिकारिक जानकारी साझा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा के हित में लिया गया है। सरकार के इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है, वहीं स्कूल प्रबंधन को भी मौसम के सामान्य होने तक बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
13 जनवरी तक अवकाश रहेगा
शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य में बढ़ती ठंड और घने कोहरे को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार के स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाई जा रही हैं। पंजाब के सभी सरकारी, प्राइवेट, एडिड और मान्यता प्राप्त स्कूलों में 13 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
तापमान में भारी गिरावट दर्ज
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला खासतौर पर छोटे बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की सेहत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है, ताकि ठंड और धुंध के कारण होने वाली किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। पिछले कुछ दिनों से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
आवश्यक सावधानियां बरतें
शिक्षा विभाग के अनुसार, राज्य भर में 14 जनवरी को स्कूल आम दिनों की तरह नियमित रूप से खोल दिए जाएंगे। शिक्षा मंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

