अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध : 8वें दिन US ने इजराइल को 151.8 मिलियन डॉलर के हथियार दिए

आज की ताजा खबर विदेश
Spread the love

अमेरिकी अधिकारियों का दावा-ईरान पर जल्द हो सकता है अब तक का सबसे बड़ा हमला

नई दिल्ली, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग अब आठवें दिन में पहुंच गई है। इस बीच अमेरिका ने इजराइल को करीब 151.8 मिलियन डॉलर के हथियार और सैन्य सहायता देने की मंजूरी दे दी है, जिससे मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ गया है। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आपात पैकेज में करीब 12 हजार BLU-110A/B बम शामिल हैं। इसके साथ लॉजिस्टिक सपोर्ट और अन्य सैन्य सेवाएं भी दी जाएंगी। इस बीच अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जा सकता है, जिसका लक्ष्य उसके मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल निर्माण ठिकानों को नष्ट करना होगा। मौजूदा हालात में मिडिल ईस्ट के कई देशों में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है, क्योंकि यह संघर्ष अब क्षेत्रीय स्तर पर और फैलता हुआ दिखाई दे रहा है।

अमेरिका-इजराइल के हमलों में ईरान में 1332 लोगों की मौत

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि मौजूदा आपात स्थिति को देखते हुए इजराइल को तुरंत सैन्य सहायता देना जरूरी हो गया है। अमेरिका का कहना है कि यह कदम मिडिल ईस्ट में अपने रणनीतिक सहयोगी की सुरक्षा मजबूत करने के लिए उठाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक अमेरिका-इजराइल के हमलों में ईरान में 1332 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं लेबनान के बेक्का इलाके में इजराइली हमलों और हिजबुल्लाह के साथ झड़प में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की गई जान

इसी बीच कुवैत में ईरानी ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की भी मौत हुई है। इन सैनिकों के शवों की वापसी के कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं अमेरिका ने रूस पर ईरान को खुफिया मदद देने का आरोप लगाया है। वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने ईरान को मिडिल ईस्ट में मौजूद अमेरिकी युद्धपोतों और सैन्य विमानों की लोकेशन से जुड़ी जानकारी दी है, ताकि ईरान अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सके।

183 क्रू मेंबर फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे

इधर ईरान का युद्धपोत IRIS लावन तकनीकी खराबी के कारण भारत के कोच्चि बंदरगाह पर रुका हुआ है। बताया गया कि जहाज में खराबी आने के बाद ईरान ने भारत से मदद मांगी थी। जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं। उधर लेबनान की बेक्का घाटी में इजराइली सैनिकों और हिजबुल्लाह लड़ाकों के बीच भीषण झड़प हुई है। बताया जा रहा है कि इजराइली कमांडो हेलीकॉप्टर से इलाके में उतरे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष और हवाई हमले हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *