जापान में 7.5 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी

आज की ताजा खबर विदेश
Spread the love

इवाते प्रांत, होक्काइडो और आओमोरी के कुछ हिस्सों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका

भूकंप का केंद्र इवाते प्रिफेक्चर के सानरिकु तट के पास था, जो भारतीय समय दोपहर 1:23 बजे आया

तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन को टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच अस्थायी रूप से रोक दिया गया

फुकुशिमा दाइची और दाइनी प्लांट्स में कोई गड़बड़ी नहीं है और रेडिएशन स्तर सामान्य : TEPCO

नई दिल्ली

जापान में सोमवार को 7.5 रिक्टर स्केल का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। जापान मौसम एजेंसी (JMA) के अनुसार, इवाते प्रांत, होक्काइडो और आओमोरी के कुछ हिस्सों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। भूकंप का केंद्र इवाते प्रिफेक्चर के सानरिकु तट के पास था और यह भारतीय समयानुसार दोपहर 1:23 बजे आया। जापानी पैमाने पर इसकी तीव्रता ऊपरी 5 दर्ज की गई। न्यूक्लियर प्लांट्स की सुरक्षा को लेकर भी अपडेट सामने आया है।

भूकंप के बाद रेल सेवाओं पर पड़ा असर

भूकंप के बाद रेल सेवाओं पर असर पड़ा है। तोहोकू शिंकानसेन बुलेट ट्रेन को टोक्यो और शिन-आओमोरी के बीच अस्थायी रूप से रोक दिया गया, जबकि यामागाता और अकिता शिंकानसेन सेवाएं भी बंद कर दी गईं। इवाते में सभी लोकल JR ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं और होक्काइडो में भी कुछ लोकल लाइनें प्रभावित हुई हैं। हालांकि, शिन-चितोसे और सेंडाई एयरपोर्ट की सेवाएं सामान्य बनी हुई हैं।

समुद्र व नदियों से दूर रहने की अपील

इस बीच, कई जगहों पर सुनामी की लहरें दर्ज की गई हैं। इवाते के कुजी पोर्ट पर 80 सेंटीमीटर, मियाको पोर्ट पर 40 सेंटीमीटर और आओमोरी के हाचिनोहे पोर्ट पर 30 सेंटीमीटर की लहरें देखी गईं। अन्य क्षेत्रों में भी 20 सेंटीमीटर तक की लहरें दर्ज हुई हैं और पानी के स्तर में बढ़ोतरी की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने और समुद्र व नदियों से दूर रहने की अपील की है।

‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित जापान

टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी (TEPCO) ने बताया कि फुकुशिमा दाइची और दाइनी प्लांट्स में कोई गड़बड़ी नहीं है और रेडिएशन स्तर सामान्य है। अन्य न्यूक्लियर प्लांट्स में भी कोई असामान्यता नहीं पाई गई है। जापान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। यह ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है और यहां हर साल लगभग 1500 भूकंप आते हैं, जिनमें ज्यादातर हल्के होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *