पंजाब के प्रमुख कारोबारी के ठिकानों पर ED ने मारा छापा

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

कार्रवाई के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने लोगों को हैरान कर दिया

नौवीं मंजिल से गिरे बैग को नीचे खड़े ड्राइवर ने उठाया और निकलने का प्रयास किया

टीम के सदस्यों ने तुरंत ड्राइवर का पीछा किया और कुछ दूरी पर ही उसे पकड़ लिया

सोसाइटी में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में बना चर्चा का माहौल

मोहाली।

पंजाब के मोहाली के खरड़ इलाके स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब Enforcement Directorate (ED) की टीम ने आईटी सेक्टर में काम करने वाले एक व्यक्ति के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया जिसने मौके पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।

ED अधिकारियों की पड़ गई नजर

जानकारी के अनुसार, पंजाब के मोहाली में ED की टीम जैसे ही सोसाइटी के टावर में पहुंची, उसी दौरान नौवीं मंजिल से कैश से भरा एक बैग नीचे फेंका गया। नीचे पहले से एक गाड़ी में मौजूद ड्राइवर ने तुरंत बैग उठाया और वहां से निकलने की कोशिश की। हालांकि, ED अधिकारियों की नजर इस पूरी गतिविधि पर पड़ गई।

21 लाख रुपये नकद किए बरामद

सूत्रों के मुताबिक, टीम के सदस्यों ने तुरंत ड्राइवर का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान बैग से करीब 21 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। घटना के बाद सोसाइटी में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा। इसके बाद अधिकारियों ने नकदी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

मामले की जांच में जुटी ED टीम

फिलहाल ED की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद की गई रकम का स्रोत क्या है और इसे छिपाने की कोशिश क्यों की गई। अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।जांच एजेंसियां अब संबंधित व्यक्ति और उसके वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *